महराजगंज । हिन्दुओं के महान पर्व महानवमी पर 19 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद शाखा महराजगंज ने बीएसए महराजगंज के द्वारा जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
संघ के जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी व जिला मंत्री सत्येन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि वर्ष 2026 में महानवमी का पर्व 19 अक्टूबर दिन सोमवार को पड़ रहा है। इसी दिन नवरात्र का हवन पूजन होता है और महानवमी के मेले में बच्चे उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हैं। प्रतिवर्ष महानवमी का अवकाश होता रहा है।
लेकिन इस वर्ष सचिव उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा जारी अवकाश तालिका में महानवमी और विजयादशमी का अवकाश एक ही दिन 20 अक्टूबर को अंकित कर दिया गया है, जबकि महानवमी 19 अक्टूबर को है।
ज्ञापन में कहा गया है कि महानवमी पर्व के कारण शहर व कस्बों में भीड़-भाड़ के चलते आवागमन भी दुष्कर रहेगा और बच्चों व शिक्षकों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी होगी। इसलिए जनपद महराजगंज में 19 अक्टूबर 2026 को स्थानीय अवकाश घोषित किया जाए।
इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैजनाथ सिंह, कोषाध्यक्ष मनौवर अली, संयुक्त मंत्री अखिलेश पाठक, चन्द्र भूषण पटेल मंत्री सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
0 Comments