MEMORANDUM : महानवमी पर 19 अक्टूबर को स्कूलों में छुट्टी घोषित हो, शिक्षक महासंघ ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
लखनऊ । महाअष्टमी/महानवमी के पावन पर्व पर 19 अक्टूबर 2026 को प्रदेश के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में अवकाश घोषित करने की मांग तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ के केन्द्रीय कार्यालय ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है।
महासंघ के अध्यक्ष डॉ. दिनेश चन्द्र शर्मा और पूर्व एमएलसी एवं संयोजक सुरेश कुमार त्रिपाठी ने 16 अक्टूबर को भेजे पत्र में कहा है कि शासन द्वारा जारी अवकाश सूची के अनुसार विजयादशमी का अवकाश 20 अक्टूबर 2026 को घोषित है, जबकि महाष्टमी/महानवमी का पावन त्योहार 19 अक्टूबर दिन सोमवार को पड़ रहा है।
इस दिन अवकाश घोषित न होने से नवरात्र में नौ दिनों तक व्रत रखने वाले छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को हवन-पारण आदि करने में भारी असुविधा होगी। यह हिंदू श्रद्धा और आस्था का महान पर्व है।
महासंघ ने मुख्यमंत्री से निवेदन किया है कि जन भावनाओं को देखते हुए 19 अक्टूबर दिन सोमवार को प्रदेश के सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में अवकाश घोषित करने हेतु संबंधित को निर्देशित करने की कृपा करें।
0 Comments