महराजगंज : उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने बीएसए से मिलकर मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, ब्रिज कोर्स के माध्यम से प्रशिक्षण कराने की उठाई मांग, 69000 भर्ती के बीएड शिक्षकों की परीक्षा अनिवार्यता खत्म करने की मांग
महराजगंज, 28 सितंबर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ महराजगंज के जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी एवं जिलामंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में सोमवार को शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर 69000 सहायक अध्यापक भर्ती के तहत नियुक्त बीएड योग्यताधारी शिक्षकों के लिए 50 प्रतिशत अंकों के साथ लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की। इस संबंध में संघ की ओर से मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भी भेजा गया।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि 69000 सहायक अध्यापक भर्ती के अंतर्गत वर्ष 2020-22 में नियुक्त लगभग 32 हजार शिक्षक बीएड योग्यताधारी हैं। ये शिक्षक पिछले करीब पांच वर्षों से परिषदीय विद्यालयों में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। संघ का कहना है कि एनसीटीई के प्रावधानों के अनुसार इन शिक्षकों को दो वर्ष के भीतर छह माह का ब्रिज कोर्स कराया जाना था, लेकिन विभाग द्वारा निर्धारित समय में ब्रिज कोर्स नहीं कराया गया।
जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी एवं जिलामंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि 69000 भर्ती के मूल विज्ञापन वर्ष 2018 में सेवारत प्रशिक्षण पूर्ण करने का प्रावधान था, जबकि न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ किसी लिखित परीक्षा को उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता नहीं थी। अब ब्रिज कोर्स के स्थान पर लिखित परीक्षा में 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य किए जाने से वर्षों से कार्यरत शिक्षकों में असंतोष है।
संघ ने मांग की कि 69000 भर्ती के तहत नियुक्त बीएड शिक्षकों पर लागू की गई 50 प्रतिशत अंकों वाली परीक्षा की अनिवार्यता को समाप्त किया जाए तथा पूर्व निर्धारित छह माह का ब्रिज कोर्स ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से पूरा कराया जाए। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि इससे वर्षों से कार्यरत शिक्षकों को राहत मिलेगी और उनका भविष्य सुरक्षित हो सकेगा।
इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने दिव्यांग शिक्षकों को दिव्यांग वाहन भत्ता, एफएलएन प्रशिक्षण का भत्ता, प्रोन्नत वेतनमान समेत शिक्षकों से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान की भी मांग की।
इस अवसर पर जिला संयुक्त मंत्री अखिलेश पाठक, ब्लॉक अध्यक्ष धन प्रकाश त्रिपाठी, विजय प्रताप पांडेय, अरविंद गुप्ता, विजय यादव, वीरेंद्र सिंह, मंत्री मनोज वर्मा, धीरज शाही, चंद्रभूषण पटेल, तहसील अध्यक्ष दुर्गेश पांडेय, डॉ. कैलाश नाथ मौर्य, सुशील सिंह, कृष्णदेव, रजनीश दूबे, विनीता अग्रहरि, राजकिशोर, सुनील कुमार, प्रमोद कुमार, विजेंद्र कुमार श्रीवास्तव, अजय कुमार गौतम, अमर सिंह, राजन गुप्ता, विनय पांडेय, रामावतार, राहुल, जितेंद्र, राहुल यादव, द्विजेंद्र चौरसिया, मुन्ना शर्मा, मुजीबुल्लाह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संघ पदाधिकारी मौजूद रहे।
0 Comments