शिक्षकों में आतंक फैलाने वाला डकैत अशोक कोल मारा गया : बीहड़ में शिक्षकों का अपहरण कर आतंक फैलाने वाला 12 हजार का इनामी अशोक कोल गुरुवार तड़के मारा गया
चित्रकूट (ब्यूरो)। बीहड़ में शिक्षकों का अपहरण कर आतंक फैलाने वाला 12 हजार का इनामी अशोक कोल गुरुवार तड़के मारा गया। उसका गोलियों से छलनी हुआ शव मऊ थाना क्षेत्र के दानू बाबा की पहाड़ी पर मिला। पुलिस का दावा है कि अशोक कोल को सोते समय किसी दस्यु गैंगवार में मार डाला। मौके से दो रायफल और 36 कारतूस बरामद करने का भी दावा किया गया है।
गुरुवार तड़के दानू बाबा की पहाड़ी पर गोलियों की आवाज सुनने के बाद सुबह चौकीदार मौके पर पहुंचा। वहां शव देख ग्रामीणों को सूचना दी। प्लास्टिक की पन्नी पर गोलियों से छलनी शव की शिनाख्त 12 हजार के इनामी दस्यु अशोक कोल के रूप में हुई। मानिकपुर थाना क्षेत्र के पयासी का पुरवा मजरा चमरौंहा निवासी अशोक कोल के मारे जाने की सूचना पाते ही पुलिस की बांछें खिल गई। टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी पवन कुमार ने बताया कि अशोक कोल के सीने पर कई गोलियां दागी गई हैं। ऐसा लगता है कि आपसी गैंगवार में ही किसी दस्यु अथवा उसके गैंग के किसी सदस्य ने मार डाला है।
मौके पर दो रायफल और 36 कारतूस भी बरामद किए हैं। पोस्टमार्टम हाउस में पहुंची अशोक कोल की मां पूर्व प्रधान कल्ली देवी एवं भाई प्रेमलाल ने आरोप लगाया कि पुलिस ने ही अशोक को दस्यु बना दिया।
अशोक कोल (फाइल फोटो)
खबर साभार : अमरउजाला
0 Comments