फीकी न रह जाए राज्यकर्मियों की दीवाली : केन्द्र सरकार बोनस का नकद भुगतान कर दिया-
जासं, इलाहाबाद : केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (डीए) और तदर्थ बोनस का नकद भुगतान कर दिया है लेकिन प्रदेश सरकार ने अपने कर्मियों को अब तक न डीए दिया और न ही तदर्थ बोनस। ऐसे में राज्य कर्मचारियों की दीवाली फीकी पड़ने की आशंका है।
कर्मचारियों को देय महंगाई भत्ते में एक जुलाई 2014 से सात फीसद की वृद्धि होने के बाद भत्ता सौ से बढ़कर 107 प्रतिशत हो गया। केंद्रीय कर्मियों को बढ़ा डीए और तदर्थ बोनस पिछले महीने ही दे दिया गया जबकि राज्य कर्मियों को अभी तक नहीं मिला। बता दें कि राज्य कर्मियों को तदर्थ बोनस 30 दिन के वेतन के बराबर अथवा 3454 रुपये मिलता है लेकिन उसमें से आधी रकम ही नकद मिलती है। आधी धनराशि फंड में चली जाती है। इसी प्रकार डीए का भुगतान भी नकद नहीं होता है। अमूमन ज्यादातर कर्मियों का बजट महीने के आखिर तक गड़बड़ा जाता है।
इस बार 23 अक्टूबर को दीपावली पड़ रही है, माह का अंतिम सप्ताह होने के कारण डीए और तदर्थ बोनस नहीं मिलने पर कर्मचारियों का त्योहार फीका पड़ सकता है। जबर्दस्त महंगाई के कारण छोटे-छोटे त्योहारों में भी हजारों रुपये खर्च हो जाते हैं।
उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी-शिक्षक समन्वय समिति के संयोजक हनुमान प्रसाद श्रीवास्तव ने तदर्थ बोनस दीपावली के पहले नकद देने की मांग की है। उन्होंने ईद की तरह ही दीप पर्व के पहले कर्मचारियों का वेतन भुगतान करने की भी मांग की। ताकि कर्मचारी अच्छे से त्योहार मना सकें।
खबर साभार : दैनिकजागरण
0 Comments