logo

Basic Siksha News.com
बेसिक शिक्षा न्यूज़ डॉट कॉम

एक छत के नीचे 'प्राइमरी का मास्टर' से जुड़ी शिक्षा विभाग की समस्त सूचनाएं एक साथ

बेसिक शिक्षा निदेशालय में लगी भीषण आग, सैकड़ों फाइल जलकर खाक : तस्वीर में शिक्षा निदेशालय के कैंप में लगी आग-

बेसिक शिक्षा निदेशालय में लगी भीषण आग, सैकड़ों फाइल जलकर खाक : तस्वीर में शिक्षा निदेशालय के कैंप में लगी आग-

लखनऊ : निशातगंज स्थित बेसिक शिक्षा निदेशालय के कैंप कार्यालय में रविवार को भीषण आग लग गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल के गाड़ियों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक सैकड़ों फाइलें जल कर खाक हो गई। इंस्पेक्टर महानगर राजेंद्र चौबे ने बताया कि आग लगने के कारणों  का अब तक पता नहीं चल पाया है।

रविवार सुबह आस-पास के लोगों ने निशातगंज के बेसिक शिक्षा निदेशालय के दूसरे तल से धुआं उठता देखा। तत्काल इस घटना की उन्होंने 100 नंबर और 101 पर सूचना दी। इस मामले की जानकारी होते ही हरकत में आई पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाने की कोशिश की।

सर्व शिक्षा अभियान के अधिकारियों ने बताया कि अभी तक नुकसान की पूरी तरह से जानकारी नहीं मिल पाई है। कई अधिकारी आग से हुए नुकसान की जानकारी जुटाने में जुटे हैं। वहीं निदेशालय के कुछ कर्मचारियों का कहना है कि ऑफिस के जिस सेक्शन में आग लगी है, वहां पर कई महत्त्वपूर्ण दस्तावेज रखे गए थे। जबकि अधिकारी इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

      -:शॉट सर्किट की आशंका:-

पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। संभावना है की आग शॉट सर्किट से लगी होगी। क्योंकि रविवार का दिन होने कारण ऑफिस बंद था। इसलिए कोई भी कर्मचारी वहां नहीं था। लिहाजा मानवीय चूक से आग लगने की कोई संभावना नहीं लग रही है।

लखनऊ । निशातगंज स्थित सर्व शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना कार्यालय में रविवार सुबह अचानक आग लग गई। आग से सैकड़ों फाइल और कंप्यूटर जलकर राख हो गए। आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस मामले में राज्य परियोजना निदेशक कुमुद लता श्रीवास्तव ने जांच के आदेश दिए हैं।

रविवार सुबह विद्या भवन में मौजूद सुरक्षाकर्मी एमएम खान ने धुंआ उठता देख सूचना पावर हाउस में दी। आनन-फानन सप्लाई बंद कर दी गई। सूचना मिलने पर पहुंचे आठ दमकलों की मदद से आग बुझाई गई। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। आग से स्टेनो का केबिन व वित्त कार्यालय की सैकड़ों फाइल जल चुकी थीं।

सर्वाधिक फाइलें वित्त विभाग की:-

आग से सर्वाधिक वित्त विभाग से संबंधित फाइलें जली हैं। फिलहाल इस बाद का अंदाजा लगाना मुश्किल है कि फाइलों की संख्या कितनी है। आग इतनी तेज थी कि आलमारियों के अंदर रखी फाइलें भी जल गई हैं।

      -:चार सदस्यीय टीम करेगी जांच:-

राज्य परियोजना निदेशक ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की है। इसके लिए विवेक वाष्र्णेय, अपर राज्य परियोजना अधीक्षक को जिम्मेदारी दी गई है। यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कमेटी कितने दिनों के अंदर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपेगी। घटना की जानकारी मिलने पर सचिव, बेसिक शिक्षा हीरालाल गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।

           -:साजिश या हादसा:-

सर्व शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना कार्यालय में शनिवार को छुट्टी थी और रविवार को अवकाश के दिन आग लगने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। महत्वपूर्ण फाइलों के जलने के कारण घटना पर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। कार्यालय के कुछ कर्मचारी घटना के पीछे साजिश की बात भी कर रहे हैं। पुलिस व फारेंसिक टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। राज्य परियोजना निदेशक के मुताबिक आग से महत्वपूर्ण डाटा और फाइलें जल गई हैं। इसका ब्योरा जुटाया जा रहा है।

          खबर साभार : दैनिक भास्कर/ईटीवी यूपी/दैनिकजागरण

Post a Comment

0 Comments