8वीं तक फेल न करने की नीति खत्म होगी : जल्द ही विधानसभा में एक संशोधन विधेयक लाया जाएगा।
नई दिल्ली । दिल्ली में 8वीं कक्षा तक छात्रों को फेल नहीं करने की नीति खत्म होगी, इसके लिए जल्द ही विधानसभा में एक संशोधन विधेयक लाया जाएगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में कैबिनेट ने इसे मंजूरी दी।
मुख्यमंत्री ने पीएचडी चैम्बर में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि ‘दिल्ली स्कूल शिक्षा संशोधन विधयेक’ से राजधानी में शिक्षा का स्तर सुधारने में मदद मिलेगी।
नर्सरी दाखिले में साक्षात्कार नहीं : संशोधन विधेयक में ही प्रावधान किया गया है कि यदि स्कूल नर्सरी दाखिले में साक्षात्कार लेते हैं तो उनकी मान्यता तक रद्द कर दी जाएगी। इसके लिए सरकार औचक निरीक्षण भी करेगी।
नागरिक सेवा कानून में देरी पर जुर्माना उपभोक्ता के खाते में जाएगा : नागरिक सेवा कानून में भी संशोधन विधेयक लाने का फैसला किया गया है। इसके तहत अगर कोई अधिकारी आपके काम में देरी करता है तो अधिकारी पर लगने वाला जुर्माना सीधे पीड़ित व्यक्ति के बैंक खाते में जाएगा। आगामी विधानसभा सत्र में इसे मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा।
एसडीएम के अधिकार बढ़ेंगे : दिल्ली सरकार ने सीआरपीसी संशोधन विधेयक लाने का फैसला भी किया है। इससे एडीएम के अधिकार बढ़ाए जाएंगे। हालांकि जानकारों का कहना है कि इसके लिए केंद्र से पूर्व अनुमति जरूरी है। इस विधेयक को विधानसभा में पारित करने के बाद उपराज्यपाल के पास भेजना होगा।
0 Comments