पढ़ा नहीं रहे शवयात्रा निकाल रहे हैं यूपी के शिक्षक :भूख हड़ताल के बाद निकाली गई शव यात्रा-
सीतापुर : समायोजन को लेकर शिक्षामित्रों में आक्रोश व्याप्त है। तीन दिन से भूख हड़ताल पर बैठे शिक्षामित्रों ने गुरुवार को बीएसए की शव यात्रा निकाली। उनका कहना है कि जब तक सभी शिक्षामित्रों का समायोजन नहीं हो जाता, प्रदर्शन जारी रहेगा।
मालूम हो कि शासन ने परिषदीय विद्यालयों में अध्यापन कर रहे शिक्षामित्रों को 31 मई तक हर हाल में शिक्षक पद पर समायोजित करने का निर्देश दिया है। जिले में 2520 शिक्षामित्रों का समायोजन होना है, लेकिन केवल 923 शिक्षामित्रों की काउंसलिंग कराकर विद्यालय आंवटित किए गए हैं।
उनको नियुक्ति पत्र मिलना शेष है। जिन शिक्षामित्रों का समायोजन नहीं हो सका है, वह सभी तीन दिन से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं।
बीएसए कार्यालय से निकाली गई ये शवयात्रा-
अभी तक विभाग की तरफ से कोई आश्वासन भी नहीं मिला है। इसी को लेकर गुरुवार को शिक्षामित्रों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने बीएसए कार्यालय से बीएसए की शव यात्रा निकाली। यह यात्रा जीआईसी चौराहा, कोतवाली होते हुए लालबाग चौराहा पहुंची। यहां पर प्रदर्शनकारियों ने चौराहा घेरकर प्रदर्शन किया।
अनशन पर बैठे नीरज, शैलेन्द्र, पल्लवी, अंकिता व ज्योति का कहना था कि जब तक सभी शिक्षामित्रों का समायोजन नहीं हो जाता है, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। अगर 923 शिक्षामित्रों को नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे तो वरिष्ठता पर असर पड़ेगा। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस पर अगर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो बड़ा आंदोेलन किया जाएगा।
खबर साभार : अमरउजाला
0 Comments