मेरठ में बीएड अभ्यर्थियों का हंगामा : लाठीचार्ज कई छात्रों को चोटें लगी-
१-काउंसलिंग में शामिल न किए जाने से भड़का गुस्सा
२-गढ़ रोड पर जाम लगाकर किया पथराव, की तोड़फोड
मेरठ (ब्यूरो)। दूसरे चरण की काउंसिलिंग में शामिल न किए जाने से गुस्साए सैकड़ों अभ्यर्थियों ने शनिवार को गढ़ रोड पर जमकर बवाल काटा। जाम लगाने के बाद पथराव कर खूब तोड़फोड़ की। इससे पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। गढ़ रोड पर पांच किमी लंबा जाम लग गया। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर अभ्यर्थियों को खदेड़ा। इस लाठीचार्ज में कई छात्रों को चोट भी आई है।
राधा गोविंद इंस्टीट्यूट में चल रही काउंसिलिंग को लेकर अभ्यर्थियों का आरोप है कि समय से पहले ही काउंसिलिंग बंद कर दी गई। जबकि सेंटर पर तैनात स्टाफ का कहना है कि दो घंटे तक कोई भी अभ्यर्थी काउंसिलिंग के लिए नहीं आया था। इस कारण वेबसाइट पर कोई च्वाइस लॉक न होने पर सर्वद बंद हो गया। उन्होंने बताया कि एक बार च्वाइस लॉक होने के बाद दो घंटे तक दूसरी च्वाइस लॉक नहीं होती है तो पोर्टल (सर्वर) अपने आप बंद हो जाता है। अभ्यर्थी जब हंगामा कर रहे थे, उसी दौरान काउंसिलिंग सेंटर प्रभारी ने माइक से एनाउंस किया कि सुबह छह बजे तक च्वाइस लॉक की गई लेकिन दो घंटे तक प्रदेश के किसी भी सेंटर पर अभ्यर्थी नहीं रहे। इस कारण सर्वर बंद हो गया। अभ्यर्थियों के बाद में सेंटर आने की सूचना झांसी विवि को दी गई है। विवि की ओर से अवगत कराया गया कि शासन को विवि ने प्रस्ताव भेजा है, अगर स्वीकृति मिल जाती है तो फिर से काउंसिलिंग करा दी जाएगी। इसके बाद ही अभ्यर्थियों ने हंगामा शुरू कर नारेबाजी करते हुए गाड़ियों पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।
खबर साभार : अमरउजाला
0 Comments