यूपी में मिड डे मील स्कीम में गड़बड़ी : मानव संसाधन विकास मंत्रालय की समीक्षा रिपोर्ट में हुआ खुलासा
नई दिल्ली। यूपी के स्कूलों में दोपहर के भोजन के कार्यक्रम ‘मिड डे मील’ में केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय को कई गड़बड़ियां मिली हैं। मंत्रालय की 2013-14 की समीक्षा रिपोर्ट में यूपी में मिड डे मील के गड़बड़झाले का खुलासा किया गया है। मंत्रालय ने पिछले महीने हुई राज्यों के शिक्षा सचिवों की बैठक में इस रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार से इस दिशा में सुधार के कदम उठाने को कहा है। गांव में सरकार की ओर से अनाज पहुंचने के बावजूद ग्राम प्रधान की ओर से अनाज की आपूर्ति नहीं की गई है।
श्रावस्ती व सीतापुर के कई ग्राम प्रधानों ने सरकार से मिले अनाज का रिकॉर्ड ही नहीं रखा। सरकार ने ज्यादा दिन खाना बांटने के लिए मंजूर किए थे, जबकि बेहद कम दिन ही बच्चों को खाना दिया गया। मिड डे मील की निगरानी के लिए बने इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पांस सिस्टम के आंकड़े और स्कूलों में निरीक्षण के दौरान मिले आंकड़ों में भी काफी अंतर देखने को मिला। श्रावस्ती व सीतापुर जिले के कई ब्लॉकों में मिड डे मील में बंदरबांट पाया गया। मंत्रालय ने इन दो जिलों में नमूने के तौर पर प्रदेश में मिड डे मील की वास्तविक रिपोर्ट का पता लगाने के लिए संयुक्त समीक्षा मिशन की टीम भेजी थी। टीम ने पाया कि राज्य सरकार की ओर से बच्चों को खाने के लिए प्लेटें भी नहीं दी गई हैं। बच्चे अपने घर से प्लेट लेकर आते हैं और कई बार टीम ने पाया कि बच्चों के पास ऐसी प्लेटें थीं जोकि सरकार की ओर से जारी दिशा निर्देशों पर खरी नहीं उतरती थीं। राज्य सरकार की ओर से मिड डे मिल स्कीम की निगरानी या निरीक्षण नहीं किया जा रहा है।
खबर साभार : अमरउजाला
0 Comments