logo

Basic Siksha News.com
बेसिक शिक्षा न्यूज़ डॉट कॉम

एक छत के नीचे 'प्राइमरी का मास्टर' से जुड़ी शिक्षा विभाग की समस्त सूचनाएं एक साथ

महाराजगंज : प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालय प्रधानाध्यापक विहीन, पदोन्नति की माँग तेज, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने बीएसए को सौंपा माँग पत्र

- हाईकोर्ट के फैसले और शासनादेश के अनुपालन में पदोन्नति प्रक्रिया शुरू कराने की उठाई माँग

- जिले के 678 जूनियर विद्यालय प्रधानाध्यापक और करीब 700 प्राथमिक प्रधानाध्यापकों तथा जूनियर विद्यालयों में लगभग 1000 शिक्षकों के पद रिक्त

महराजगंज। आज जिले के परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों के रिक्त पदों को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष केशवमणि त्रिपाठी एवं जिलामंत्री सत्येन्द्र कुमार मिश्र की अगुवाई में कार्यसमिति के पदाधिकारीयों ने अपना आवाज बुलंद किया है। संगठन ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को मांग पत्र सौंपकर विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा पात्र शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।
जिलामंत्री सत्येन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि जिले के 678 जूनियर विद्यालय प्रधानाध्यापक विहीन हैं। वहीं करीब 700 प्राथमिक प्रधानाध्यापकों तथा जूनियर विद्यालयों में लगभग एक हजार शिक्षकों के पद रिक्त हैं। ऐसी स्थिति में विद्यालयों के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन में कठिनाई हो रही है।

संगठन ने अपने माँग पत्र में इलाहाबाद हाईकोर्ट की विशेष अपील संख्या 652/2024 में 30 अप्रैल 2025 को पारित निर्णय तथा 13 अक्टूबर 2026 के अपर मुख्य सचिव के आदेश का हवाला देते हुए पदोन्नति की कार्रवाई करने की मांग की है। संघ का कहना है कि न्यायालय के निर्णय और शासनादेश के अनुपालन में प्रत्येक प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालय में प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए।

संघ ने प्रमुख रूप से माँग की है कि जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के स्वीकृत पदों एवं रिक्तियों की समीक्षा कर प्रत्येक विद्यालय में प्रधानाध्यापक की तैनाती की जाए। इसके साथ ही प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर सहायक अध्यापकों की वरिष्ठता सूची नियमानुसार तैयार की जाए।

मांग पत्र में यह भी कहा गया है कि वरिष्ठता सूची तैयार करते समय विभिन्न भर्तियों के चयन गुणांक, चयन सूची क्रमांक तथा अन्य अभिलेखों का मिलान कर सूची प्रकाशित की जाए। पात्र शिक्षकों को रिक्त पदों के सापेक्ष पदोन्नति का अवसर दिया जाए। यदि कोई शिक्षक पदोन्नति नहीं लेना चाहता है तो उसके नीचे वरिष्ठता क्रम में आने वाले अगले पात्र शिक्षक को अवसर दिया जाए।
इसके अलावा संघ ने पदोन्नति में दिव्यांग शिक्षकों को 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ शासनादेश के अनुसार देने की भी मांग की है। इसी के साथ संगठन ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से पूरे मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए जिले के परिषदीय विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है। 

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आश्वस्त किया कि उच्चाधिकारियों द्वारा सभी विद्यालयों में प्रधानाध्यक के पद पर पदोन्नति करने हेतु निर्देश प्राप्त हुआ है उसी क्रम में सभी विद्यालयों पर प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति की जाएगी। सूची में शामिल सभी शिक्षकों की वरिष्ठता का क्रम नियमानुसार निर्धारित किया जाएगा।

     इस अवसर पर जिला संयुक्त मंत्री अखिलेश पाठक, ब्लॉक मंत्री धन्नू चौहान, मनोज वर्मा, राजेश यादव, धीरज शाही, तहसील सह प्रभारी सतीश गुप्ता, कृष्ण कुमार जायसवाल, सरिता मिश्रा, कृष्ण कुमार मद्धेशिया, निलाम्बुज मालवीय, अंगद यादव, आदित्य गुप्ता, नीरज मौर्य आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments