लक्ष्मीपुर (महराजगंज)। विकास शिक्षा क्षेत्र लक्ष्मीपुर में 14 और 15 अक्टूबर को आयोजित होने वाली बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी सुदामा प्रसाद जी ने खेलकूद व्यवस्था समिति में शामिल शिक्षक सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में प्रतियोगिता को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बीईओ और क्षेत्रीय व्यायाम शिक्षक एवं प्रभारी खेल व्यवस्था गिरिजेश कुमार पाण्डेय ने बच्चों का समय से पंजीकरण कराने, पुरस्कारों की खरीदारी और उनके वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही खेल प्रतियोगिताओं का समय से शुभारंभ और निर्धारित समय पर समापन कराने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।
बीईओ लक्ष्मीपुर ने यह भी निर्देश दिया कि सभी शिक्षक अपने विद्यालय के बच्चों से इतर किसी भी बच्चे को शामिल नहीं करेंगे, अन्यथा विवाद की स्थिति में सम्बन्धित विद्यालय की पूरी जिम्मेदारी तय की जाएगी। इसके साथ यह भी निर्देशित किया कि खेलकूद सम्पन्न कराने में लगे सभी शिक्षक समय से उपस्थित रहते हुए खेल की समाप्ति तक बने रहेंगे, यदि ग्राउंड में नहीं है तो विद्यालय पर रहें या विधिवत अवकाश लेकर ही विद्यालय छोड़ें।
बैठक में प्रतिभागी बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाओं, सबके जलपान तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर समिति के सदस्यों से बारी-बारी से सुझाव लिए गए। प्राप्त सुझावों पर चर्चा करते हुए प्रतियोगिता को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जरूरी तैयारियों पर विचार किया गया।
इस मौके पर धनप्रकाश त्रिपाठी उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष, अख़्तर खान, अजयपाल वर्मा, दयानन्द त्रिपाठी, ध्रुव नारायण गुप्ता, ज़ावेद खान, देवेन्द्र राव, मिथिलेश सिंह, राजेश कुमार श्रीवास्तव, सुनील श्रीवास्तव, दिनेश यादव आदि शिक्षक मौजूद रहे।
0 Comments