महराजगंज/लक्ष्मीपुर। विकास खंड लक्ष्मीपुर के खंड शिक्षा अधिकारी सुदामा प्रसाद के निर्देशानुसार परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 14 एवं 15 अक्टूबर 2026 को बीआरसी लक्ष्मीपुर के खेल मैदान में किया जाएगा। इसके मद्देनजर सोमवार, 12 अक्टूबर को एनपीआरसी बेलवां खुर्द की खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन पीएम श्री विद्यालय बेलवां खुर्द के प्रांगण में किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ इंचार्ज प्रधानाध्यापक डॉ. प्रभुनाथ गुप्ता एवं कंपोजिट विद्यालय सोनवल के इंचार्ज प्रधानाध्यापक दयानन्द त्रिपाठी ने फीता काटकर किया।
प्रतियोगिता की शुरुआत 50 मीटर एवं 100 मीटर दौड़ से हुई। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में दौड़, खो-खो, कबड्डी, कूद सहित विभिन्न खेल गतिविधियां शामिल हैं। आयोजन को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर बच्चों को बताया गया कि खेलकूद छात्र-छात्राओं के समग्र मानसिक एवं शारीरिक विकास का अभिन्न अंग है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, उनकी प्रतिभा को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। एनपीआरसी स्तर की प्रतियोगिता के बाद 14 एवं 15 अक्टूबर को बीआरसी लक्ष्मीपुर के खेल मैदान में होने वाली दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में भी बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
इस मौके पर सुरेश प्रजापति, सैय्यद हुसैन, अरुण कुमार सिंह, रामकृपाल, राजकुमार, नंद किशोर तिवारी, अश्वनी भंडारी, शिवेंद्र चौधरी, शरद श्रीवास्तव, सुभाष, शिवराज पासवान, नीलिमा मिश्रा, शकुंतला, हरीराम प्रसाद सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।
0 Comments