बीएसए, एबीएसए पर गैरइरादतन हत्या का मुकदमा : बस्ती में शिक्षामित्र की मौत का मामला गर्माने पर कार्रवाई-
१-बस्ती में शिक्षामित्र की मौत का मामला गर्माने पर कार्रवाई
२-घरवालों- शिक्षामित्रों ने शव रखकर कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
बस्ती (ब्यूरो)। शिक्षक बनने से चूके एक शिक्षामित्र की मौत को अधिकारियों की मनमानी का नतीजा बताते हुए शिक्षामित्रों ने मृतक के परिवार वालों के साथ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने बीएसए और एबीएसए के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बीएसए कार्यालय से 30 अप्रैल को शिक्षक बनाए गए शिक्षामित्रों की सूची जारी हुई थी। इस सूची में नगर थाने के महरीपुर गांव निवासी साथी शिक्षामित्र रमाकांत यादव का नाम नहीं था। घर वालों का कहना था कि पात्र होते हुए भी शिक्षा महकमे के अफसरों ने रमाकांत का नाम सूची में नहीं रखा। इससे सदमे में आकर रमाकांत की तबीयत बिगड़ गई। लखनऊ में इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को रमाकांत की मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह घर वालों और शिक्षामित्रों ने बीएसए दफ्तर में मनमानी का आरोप लगाते हुए रमाकांत के शव के साथ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। रमाकांत की मौत के लिए जिम्मेदार बताते हुए बीएसए और एबीएसए के खिलाफ केस दर्ज करने और गिरफ्तार किए जाने की मांग की। कार्रवाई होने के बाद भी आंदोलन खत्म करने का ऐलान किया।
इसके बाद बीएसए डॉ. संतोष कुमार सिंह और एबीएसए अखिलेश सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया। एसडीएम (सदर) रामप्रसाद की तरफ से केस दर्ज होने की जानकारी देने के बाद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट से वापस हुए।
खबर साभार : अमरउजाला
0 Comments