मंडल बने, पर शिक्षा अधिकारियों के पद नहीं : देवीपाटन, चित्रकूट और अलीगढ़ मंडल में प्रभारी अधिकारियों से चलाया जा रहा है काम-
१-विभागीय जानकारों की मानें तो संयुक्त निदेशक के मौजूदा समय चार पद खाली हैं।
२-देवीपाटन, चित्रकूट और अलीगढ़ मंडल में प्रभारी अधिकारियों से चलाया जा रहा है काम
लखनऊ(ब्यूरो)। देवीपाटन, चित्रकूट और अलीगढ़ को मंडल बने बरसों बाद भी मंडल स्तरीय शिक्षा अधिकारियों के पद सृजित नहीं हो पाए। इसके चलते डिप्टी डायरेक्टर और मंडलीय संयुक्त निदेशक का काम प्रभारी के सहारे चलाया जा रहा है। शिक्षा निदेशालय की मानें तो इस संबंध में शासन को प्रस्ताव काफी पहले ही भेजा जा चुका है, लेकिन इस पर अभी तक निर्णय नहीं हो सका।
माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत आने वाले स्कूली तथा प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर ढंग से चलाने के लिए जिला स्तर पर जिला विद्यालय निरीक्षक व मंडल स्तर पर डिप्टी डायरेक्टर तथा संयुक्त निदेशक की नियुक्ति की व्यवस्था है। फैजाबाद को काटकर देवीपाटन, झांसी को काटकर चित्रकूट और आगरा को काटकर अलीगढ़ मंडल बनाया गया। नियमत: मंडल बनने के बाद शिक्षा अधिकारियों के साथ अन्य जरूरी पदों का सृजन हो जाना चाहिए। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने इसके लिए प्रस्ताव भी भेजा था, लेकिन इस पर अभी तक कोई निर्णय शासन से नहीं हो सका है। इसके चलते इन तीनों मंडलों में डिप्टी डायरेक्टर और संयुक्त निदेशक प्रभारी के तौर पर काम कर रहे हैं।
-:जेडी की लटकी है पदोन्नति:-
शिक्षा विभाग में निदेशक और अपर निदेशक स्तर के पदों के लिए पदोन्नतियां तो समय से कर ली जाती हैं, लेकिन संयुक्त निदेशक पद के लिए ऐसा नहीं हो रहा है। हाल ही में निदेशक के रिक्त एक पद और अपर निदेशक के एक पद की पदोन्नति प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, लेकिन डिप्टी डायरेक्टर से संयुक्त निदेशक पद पर पदोन्नति देने की प्रक्रिया लटकी हुई है| विभागीय जानकारों की मानें तो संयुक्त निदेशक के मौजूदा समय चार पद खाली हैं।देवीपाटन, चित्रकूट और अलीगढ़ मंडल में प्रभारी अधिकारियों से चलाया जा रहा है काम|
खबर साभार : अमरउजाला
0 Comments