logo

Basic Siksha News.com
बेसिक शिक्षा न्यूज़ डॉट कॉम

एक छत के नीचे 'प्राइमरी का मास्टर' से जुड़ी शिक्षा विभाग की समस्त सूचनाएं एक साथ

परिषदीय विद्यालय : नगर निगम कराएगा विद्यालयों की सफाई -

जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को अब गंदगी के बीच बैठकर नहीं पढ़ना पड़ेगा, न ही उन्हें शौचालय की दुर्गध झेलनी होगी, क्योंकि उसकी सफाई का जिम्मा नगर निगम ने लिया है। नगर निगम के सफाई कर्मचारी विद्यालयों में वर्षो से जमा मलबा व गंदगी से पटे शौचालय को दुरुस्त करेंगे। साथ ही विद्यालयों के बाहर जमा गंदगी की नियमित सफाई की व्यवस्था की जाएगी। नगर निगम यह कार्रवाई नगर क्षेत्र की खंड शिक्षाधिकारी द्वारा मदद मांगने पर कर रहा है।
गौरतलब है कि परिषदीय विद्यालयों की दयनीय व्यवस्था के खिलाफ 'दैनिक जागरण' द्वारा 11 अगस्त से अभियान चलाया जा रहा है। हर विद्यालय में गंदगी का अंबार मिलने के साथ शौचालयों की व्यवस्था अत्यंत दयनीय मिली।

कई विद्यालयों में प्रधानाध्यापक एवं प्रधानाध्यापिकाएं अपने पैसे से सफाई कराते हैं। खबर प्रकाशित होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया। इसके मद्देनजर खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र ज्योति शुक्ला ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर नगर क्षेत्र के 89 प्राथमिक व 33 पूर्व माध्यमिक विद्यालयों की सफाई कराने की गुजारिश की है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के अभाव का हवाला देते हुए कहा कि मुहल्ले के लोग विद्यालय का सार्वजनिक उपयोग करके उसे गंदा कर देते हैं, परंतु सफाई नहीं कराते। विद्यालयों में कार्यरत अध्यापक व अध्यापिकाएं स्वयं के संसाधनों से सफाई कराते हैं, जिसका विभाग द्वारा भुगतान करने का कोई प्रावधान नहीं है। वहीं नगर आयुक्त आरपी सिंह का कहना है उन्हें खंड शिक्षाधिकारी पत्र मिला है, हम हर विद्यालय की विधिवत सफाई कराने की तैयारी कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments