logo

Basic Siksha News.com
बेसिक शिक्षा न्यूज़ डॉट कॉम

एक छत के नीचे 'प्राइमरी का मास्टर' से जुड़ी शिक्षा विभाग की समस्त सूचनाएं एक साथ

आंगनबाड़ी (Anganbadi) कार्यकर्त्रियों ने किया आत्मदाह का प्रयास : एक की हालत बिगड़ी, सिविल अस्पताल में भर्ती

आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने किया आत्मदाह का प्रयास : एक की हालत बिगड़ी, सिविल अस्पताल में भर्ती

लखनऊ। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने मानदेय बढ़ाने और बाल विकास पुष्टाहार विभाग के निदेशक आनंद कुमार सिंह को तत्काल हटाने की मांग को लेकर बुधवार को यहां लक्ष्मण मेला मैदान में जमकर हंगामा किया। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की संयुक्त मंत्री गीतांजलि मौर्या की अगुवाई में गोरखपुर मंडल की सैकड़ों कार्यकर्त्रियां यहां से इंदिरा भवन जाना चाहती हैं, लेकिन प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। इससे नाराज कार्यकर्त्रियों ने सामूहिक आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने इसे नाकाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्त्रियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। सामूहिक आत्मदाह का प्रयास करने वाली गीता पांडेय, किरण व कुसुम मौर्या की हालत बिगड़ गई। इसमें से गीता पांडेय को सिविल अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस ने आत्मदाह का प्रयास करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को हिदायत दे कर छोड़ दिया।

संघ की संयुक्त मंत्री गीतांजलि मौर्या ने कहा कि बाल विकास पुष्टाहार विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। संघ के अध्यक्ष गिरीश पांडेय ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को मानदेय तक मिलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा, जब तक आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 10,000 रुपये और सहायिका को 8,000 रुपये मानदेय का ऐलान अखिलेश सरकार नहीं करेगी, तब तक आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां राजधानी में ही डटीं रहेंगी। संघ की महामंत्री नीलम पांडेय ने कहा कि निदेशक आनंद कुमार सिंह जब तक नहीं हटेंगे विभाग की हालत नहीं सुधरेगी।

  खबर साभार : अमरउजाला/दैनिकजागरण

Post a Comment

0 Comments